पहल: फेसबुक और व्हाटसएप के दौर में विद्यार्थियों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से भेजीं दीपावली की शुभकामनाएं
मंडी, 05 नवंबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग द्वारा फेसबुक और व्हाटसएप के दौर में दीपावली के पावन अवसर पर पोस्टकार्ड के माध्यम से शुभकामना संदेश भेजने की अनूठी पहल की गई। इस पहल के अंतर्गत विभाग के विद्यार्थियों ने अपने परिवारजनों, मित्रों, शिक्षकों एवं परिचितों को हस्तलिखित शुभकामना संदेश भेजकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। विद्यार्थियों द्वारा लगभग 500 पोस्टकार्ड भेजे गए। विभाग द्वारा परंपरागत भारतीय संस्कृति और आत्मीय संवाद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीपावली के अवसर पर यह पहल करके इस पर्व को सामाजिक सद्भाव, आत्मीयता और सांस्कृतिक जुड़ाव का माध्यम बनाया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने इतिहास विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। दीपावली जैसे पर्व पर पोस्टकार्ड के माध्यम से शुभकामना संदेश भेजने की पहल विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें संवेदनशीलता, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में सहायक है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का विकास करना भी है। इतिहास विभाग की यह पहल इसी दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में जहाँ शुभकामना संदेश भेजने के लिए सोशल मीडिया और मोबाइल का व्यापक प्रयोग किया जा रहा है, वहीं पोस्टकार्ड के माध्यम से संदेश भेजने की यह पहल भारतीय सांस्कृतिक परम्पराओं को पुनर्जीवित करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि पोस्टकार्ड केवल शुभकामना संदेश का माध्यम नहीं है बल्कि आत्मीयता, भावनात्मक जुड़ाव और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति का प्रतीक भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

