home page

विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर

 | 
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर


मंडी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा मंत्री ने की विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 21वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंडी जिला में बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बगला स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 21वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट संस्थान के मेधावी बच्चों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम भी है। स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता केवल उसकी भव्य इमारतों से नहीं, बल्कि वहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले विद्यार्थियों के चरित्र, ज्ञान, संस्कार और उपलब्धियों से आंकी जाती है।

शिक्षा मंत्री ने वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल वर्ष 2021 में देशभर में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। एनएएस-2025 में प्रदेश ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार परख-2024 में भी प्रदेश के विद्यार्थियों की आधारभूत भाषा एवं सीखने की क्षमता राष्ट्रीय औसत से बेहतर रही है। परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी हिमाचल 13वें स्थान से छठे स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ प्रदेश ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा