home page

सरकारी स्कूलों में 15 हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का लक्ष्य : रोहित ठाकुर

 | 
सरकारी स्कूलों में 15 हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का लक्ष्य : रोहित ठाकुर


सरकारी स्कूलों में 15 हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का लक्ष्य : रोहित ठाकुर


मंडी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि इस वर्ष पांच हजार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर कुल नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 15 हजार तक पहुंच जाएगा। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।

शिक्षा मंत्री सोमवार को मंडी जिला के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन खेल छात्रावासों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ठोडो और कुराश सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। प्रदेश की बेटियां खेलों के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी प्रतिभा से हिमाचल का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिल सकें।

शिक्षा मंत्री ने धर्मपुर क्षेत्र में शैक्षणिक और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शुभारंभ किया। उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला बहरी में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन स्पोर्ट्स क्लब का उद्घाटन किया। इस क्लब में जिम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे विद्यार्थियों को खेलों और शारीरिक फिटनेस के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर में 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित बहुद्देशीय हॉल का उद्घाटन करने के साथ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र तथा नवनिर्मित परीक्षा भवन का भी शुभारंभ किया।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर के खेल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने टिहरा और बनेरड़ी के खेल मैदानों के विकास के लिए भी चालू वित्त वर्ष में धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा