home page

शिक्षा मंत्री ने किया अशोक ठाकुर की पुस्तक बेमिसाल शिक्षा से बना बेमिसाल देश का विमोचन

 | 
शिक्षा मंत्री ने किया अशोक ठाकुर की पुस्तक बेमिसाल शिक्षा से बना बेमिसाल देश का विमोचन


मंडी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी जिला के रिवालसर में आयोजित भारत स्काउट एंड गाइड के कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रधानाचार्य अशोक ठाकुर की लिखी पुस्तक बेमिसाल शिक्षा से बना बेमिसाल देश का विमोचन किया। अशोक ठाकुर ने बताया कि पिछले वर्ष उन्हें हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के द्वारा एक हफ्ते के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर भेजा गया था ताकि वहां की अध्यापन पद्धतियों को समझ कर अपने देश-प्रदेश में उन्हें लागू कर सकें।

उन्होंने इस दौरान प्राप्त अनुभव एवं अवलोकन इस पुस्तक में संजोए हैं, उसी दिशा में उनका यह एक प्रयास है जिसके माध्यम से वह शिक्षा को बोझ ना बनाकर आनंदपूर्ण शिक्षण में बदलने पर जोर दे रहें हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी देश के विकास में उसकी शिक्षा व्यवस्था आधार का काम करती है, जिसका वहां के विकास में अहम योगदान होता है।

उन्होंने साथ जोड़ते हुए कहा कि विकसित देशों के विद्यालय अच्छे नागरिकों के कारखाने होते हैं जो बेहतर और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करते हैं। जिससे देश का चहुमुखी विकास प्रशस्त होता है, इस पुस्तक के माध्यम से वह शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों में एक मानसिक क्रांति लाने का प्रयास कर रहे हैं। क्योंकि शिक्षण एक हल्के में किया जाने वाला कार्य नहीं है अपितु इसके लिए बेहद समर्पित एवं कर्मठ शिक्षकों की आवश्यकता है। जो भावी पीढ़ी के निर्माण के लिए जुनून के साथ कार्य करे और आनंदपूर्ण शिक्षण के साथ अपने विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने में सहायता करे इसी में हमारे देश का विकास भी निहित है।

इस पुस्तक के लेखक अशोक ठाकुर को वर्ष 2023 में हिमाचल शिक्षक पुरस्कार से राज्यपाल के द्वारा अलंकृत किया गया है साथ ही उन्हें आपदा प्रबंधन के लिए हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू जी भी पुरस्कृत कर चुके हैं। इसके अलावा उन्हें एक्सेप्शनल एजुकेटर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा