home page

133 ईको टास्क फोर्स का वन महोत्सव, मंत्री धनी राम शांडिल ने लगाया पहला पौधा

 | 
133 ईको टास्क फोर्स का वन महोत्सव, मंत्री धनी राम शांडिल ने लगाया पहला पौधा


शिमला, 02 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में वन महोत्सव 2026 के तहत रविवार को सोलन जिले के बशील गांव में विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान 133 ईको टास्क फोर्स और हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने ग्राम पंचायत बशील, महिला मंडल और स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाया। कार्यक्रम 'एक पेड़ सेहत के नाम' और 'भागीदारी एवं जिम्मेदारी (सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी)' अभियान के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को पौधों की देखभाल के लिए भी जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल ने पहला पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और हरियाली बढ़ाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण कदम है।

धनी राम शांडिल ने 133 ईको टास्क फोर्स, वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और हरित क्षेत्र को सुरक्षित रखने में सेना, सरकारी विभागों और स्थानीय समुदाय की साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नियमित जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान लोगों को केवल पौधे लगाने के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि लगाए गए पौधों का जीवित रहना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है और इसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ सेना और आम लोगों के बीच सहयोग को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हरियाली बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने और टिकाऊ विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। वन महोत्सव 2026 के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा