हिमाचल में पहली बार शराब ठेकों की ई-नीलामी शुरू, घर बैठे लग सकेंगी ऑनलाइन बोलियां
शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पहली बार खुदरा शराब ठेकों (रिटेल लिकर वेंड्स) के आवंटन के लिए ऑनलाइन ई-नीलामी प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए इस नई व्यवस्था को मंजूरी देते हुए ठेकों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से करने का फैसला लिया है। यह प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 की अवधि के लिए लागू रहेगी।
आबकारी विभाग के अनुसार पहले दिन किन्नौर, हमीरपुर और चंबा जिलों के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई। इच्छुक आवेदक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और आबकारी ई-गवर्नेंस पोर्टल पर जाकर सीधे ऑनलाइन बोली में भाग ले सकते हैं। खास बात यह है कि बोलीदाता अपने घर या कार्यालय से ही डिजिटल माध्यम से आवेदन और बोली लगा सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
किन्नौर, हमीरपुर और चंबा जिलों की शराब इकाइयों के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 फरवरी 2026 शाम 6:55 बजे से 26 फरवरी 2026 शाम 6:15 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। दस्तावेजों की जांच 25 फरवरी शाम 6:30 बजे से 27 फरवरी 2026 शाम 6:55 बजे तक होगी, जबकि नीलामी 28 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
सिरमौर, ऊना और बद्दी जिलों के लिए आवेदन 24 फरवरी शाम 6:55 बजे से 26 फरवरी शाम 6:15 बजे तक लिए जाएंगे। इन जिलों के दस्तावेज 26 फरवरी शाम 6:30 बजे से 28 फरवरी शाम 6:55 बजे तक जांचे जाएंगे और नीलामी 2 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
सोलन, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों के लिए आवेदन 25 फरवरी शाम 6:55 बजे से 27 फरवरी शाम 6:30 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। दस्तावेजों की जांच 27 फरवरी शाम 6:30 बजे से 2 मार्च शाम 6:55 बजे तक चलेगी और नीलामी 3 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
मंडी और नूरपुर इकाइयों के लिए आवेदन 26 फरवरी शाम 6:55 बजे से 28 फरवरी शाम 6:15 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। दस्तावेजों की जांच 28 फरवरी शाम 6:30 बजे से 3 मार्च शाम 6:55 बजे तक की जाएगी, जबकि नीलामी 5 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
शिमला और कुल्लू जिलों के लिए आवेदन 27 फरवरी शाम 6:55 बजे से 3 मार्च शाम 6:15 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इनके दस्तावेज 3 मार्च शाम 6:30 बजे से 6 मार्च शाम 6:55 बजे तक जांचे जाएंगे और नीलामी 7 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. यूनुस ने बताया कि सभी आवेदकों के लिए निर्धारित ई-नीलामी पोर्टल पर वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) के माध्यम से पंजीकरण करना अनिवार्य है। उन्होंने संभावित बोलीदाताओं को सलाह दी है कि वे भाग लेने से पहले आबकारी नीति 2026-27, मानक संचालन प्रक्रिया और उपयोगकर्ता पुस्तिका को ध्यान से पढ़ लें, ताकि प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। ये सभी दस्तावेज विभागीय वेबसाइट और ई-नीलामी पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

