home page

हिमाचल प्रदेश में 18 से 21 मई तक साफ रहेगा मौसम, तेज़ होगी गर्मी

 | 
हिमाचल प्रदेश में 18 से 21 मई तक साफ रहेगा मौसम, तेज़ होगी गर्मी


शिमला, 16 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम के तेवर बदलते नजर आएंगे। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 18 मई से 21 मई तक अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तेज धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी।

खासकर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और पांवटा साहिब जैसे मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। शनिवार को भी राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना है और निचले इलाकों में दिन के समय लोगों को तेज तपिश का सामना करना पड़ा।

हालांकि मौसम विभाग ने आज 16 और कल 17 मई के लिए कुछ जिलों में अंधड़, हल्की वर्षा और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ भागों में मौसम बदल सकता है। 17 मई को भी ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इसके बाद 18, 19, 20 और 21 मई को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इन चार दिनों के दौरान तेज धूप के कारण गर्मी लगातार बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 22 मई को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर वर्षा और हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। सराहन में 15, सांगला में 4 व कल्पा में 2 मिमी वर्षा हुई। इस बीच राज्य में यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद केलांग 3.5, कुकुमसेरी 5.7, कल्पा 6.0, मनाली और कुफरी 10.2, धर्मशाला 10.9, सराहन 11.0, सिओबाग 11.4, भुंतर 13.5, सोलन 15.0, चंबा 15.2, पालमपुर 15.5, शिमला 15.8, डलहौजी 16.6, बरठीं 16.9, सुंदरनगर 17.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कांगड़ा 18.2, मंडी 18.5, ऊना 19.5, बिलासपुर 20.0, देहरा गोपीपुर 21.0 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा