home page

पाँवटा साहिब के यमुनाघाट पर डूबे तीनों युवकों के शव बरामद

 | 

नाहन, 26 सितंबर (हि.स.)। मंगलवार को पाँवटा साहिब के यमुनाघाट पर स्नान करते डूबे शिलाई के तीन युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक युवक का शव बुधवार को बरामद हुआ जबकि अन्य दोनों युवकों सगे भाइयों का शव वीरवार बीती रात को रिकवर की गई। इसकी पुष्टि एसडीएम पाँवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने की है।

एसडीएम ने बताया कि वीरवार बीती रात युवक कमलेश का शव यमुनानगर के पास प्रतापनगर, यमुना नगर नहर से बरामद हुआ है और इसे यमुनानगर सिविल अस्पताल में रखा गया है। शव को पांवटा साहिब लाने की प्रक्रिया जारी है। जबकि अन्य युवक रजनीश का शव हथनीकुंड बैराज के पास से रिकवर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों का देह संस्कार आज शुक्रवार को पाँवटा साहिब में ही किया जाएगा।

बता दें कि मंगलवार को देवस्नान करवाकर हरिद्वार से लौटे शिलाई के ग्वाली पंचायत के युवक यमुना स्नानघाट के पास पहुंचे। एक युवक स्नान करते डूबने लगा तो दो अन्य युवक उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए लेकिन तीनों ही नदी की तेज लहरों में समा गए। घटना के बाद प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरु किया, जिसमे स्थानीय गोताखोर सहित एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के गोताखोर भी शामिल हुए। तीन दिन के इस तलाशी अभियान के बाद तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर