home page

सिरमौर में नवंबर माह के लिए वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी

 | 

नाहन, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने जिला सिरमौर के लिए नवम्बर का वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि जिला मुख्यालय नाहन में वाहनों की पासिंग के लिए 5 और 25 नवम्बर की तिथियां तय की गई हैं, जबकि चालकों के लिए ड्राइविंग टेस्ट 6 और 26 नवम्बर को आयोजित किए जाएंगे।

पांवटा साहिब उपमंडल में वाहनों की पासिंग के लिए 16 और 27 नवम्बर की तारीख रखी गई है। इसके अतिरिक्त ड्राइविंग टेस्ट 17 और 28 नवम्बर को आयोजित होंगे।

वहीं राजगढ़ क्षेत्र में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों प्रक्रियाएं एक ही दिन 2 नवम्बर को पूरी की जाएंगी। संगड़ाह उपमंडल के लिए 3 नवम्बर की तिथि निर्धारित की गई है, जहाँ इसी दिन पासिंग और टेस्ट दोनों होंगे। इसके अलावा सराहां (पच्छाद) क्षेत्र के आवेदकों के लिए 21 नवम्बर का दिन तय किया गया है।

कफोटा और शिलाई के लिए एक ही दिन 19 नवम्बर की तारीख तय की गई है, लेकिन समय को दो हिस्सों में बांटा गया है। 19 नवम्बर को पूर्वाह्न (सुबह) कफोटा में पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट लिए जाएंगे, जबकि उसी दिन अपराह्न (दोपहर बाद) शिलाई क्षेत्र में यह कार्य पूरा किया जाएगा।

आर टी ओ सिरमौर सोना चंदेल ने सभी वाहन मालिकों, व्यावसायिक चालकों और नए ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निर्धारित दिन ही उपस्थित हों और वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर