home page

चंबा मेडिकल कॉलेज में बच्ची की मौत पर डॉ. जनक राज ने जताई चिंता, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

 | 
चंबा मेडिकल कॉलेज में बच्ची की मौत पर डॉ. जनक राज ने जताई चिंता, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल


चंबा, 07 सितंबर (हि.स.)। चंबा मेडिकल कॉलेज में इलाज के अभाव में एक मासूम बच्ची की मृत्यु की खबर पर भरमौर-पांगी के विधायक एवं चिकित्सक डॉ. जनक राज ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दुख कोई नहीं हो सकता। यदि समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण बच्ची की जान गई है, तो यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

डॉ. जनक राज ने सोमवार को एक बयान में कहा कि एक पिता और चिकित्सक होने के नाते वे उस परिवार की पीड़ा को समझ सकते हैं, जिसने अपने मासूम बच्चे को खोया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अव्यवस्थाओं और लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के बजाय उन्हें नजरअंदाज करती दिखाई दे रही है। डॉ. जनक राज ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भी उन्होंने प्रदेश की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल पूछे थे, लेकिन सरकार ने गंभीर विषयों पर भी गोलमोल जवाब देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया।

डॉ. जनक राज ने कहा कि इलाज के अभाव अथवा कथित लापरवाही से होने वाली प्रत्येक मौत की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्थाओं में सुधार करना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा से न गुजरना पड़े।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावों और भाषणों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं सुधरेगी। इसके लिए अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और विशेषज्ञ उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरी दवाइयां, आधुनिक चिकित्सा उपकरण तथा प्रभावी आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला