home page

सुंदरनगर में पागल कुत्ते का आतंक, भोजपुर बाजार में आधा दर्जन लोगों को काटा, दो बच्चे भी घायल

 | 
सुंदरनगर में पागल कुत्ते का आतंक, भोजपुर बाजार में आधा दर्जन लोगों को काटा, दो बच्चे भी घायल


मंडी, 13 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर में आवारा कुत्तों के आतंक ने एक बार फिर लोगों की नींद उड़ा दी है। शुक्रवार दोपहर बाद भोजपुर के व्यस्तम बाजार में एक पागल कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने देखते ही देखते आधा दर्जन लोगों को काट लिया, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए और कई लोग काफी देर तक दुकानों के अंदर ही छिपे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता दोपहर बाद करीब तीन बजे के आसपास बाजार में घुसा। पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया। कुत्ता सामान्य रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया, लेकिन अचानक उसने एक राहगीर पर झपट्टा मार दिया। इसके बाद तो वह बेकाबू हो गया और जो भी उसके सामने आया, उसे काटने लगा। देखते ही देखते उसने एक के बाद एक छह लोगों को अपना निशाना बना लिया।

घायलों में दो बच्चे भी हैं, जो बाजार में अपने परिजनों के साथ सामान खरीदने आए थे। अचानक हुए हमले से बच्चे बुरी तरह डर गए और चीखने लगे।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्चों को कुत्ते से बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायलों को भी सिविल अस्पताल सुंदरनगर में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। वहां सभी को एंटी रेबीज टीके लगाए गए।

चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उन्हें समय पर सभी टीके लगवाने की सलाह दी गई है। घटना के बाद बाजार के लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सुंदरनगर में आवारा कुत्तों, आवारा पशुओं और बंदरों का आतंक अब बेकाबू हो चुका है। हर गली-मोहल्ले में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे और सुबह-शाम सैर पर निकलने वाले बुजुर्ग सबसे ज्यादा खतरे में हैं। कई बार तो कुत्ते स्कूली बच्चों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे बच्चे गिरकर घायल हो जाते हैं।

इस मामले में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी का कहना है कि शीघ्र ही कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम भेज दी गई है और घायल लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर में इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों, आवारा पशुओं और आवारा बंदरों से निपटने के लिए शीघ्र ही एक योजना तैयार की जा रही है। प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा