नाहन में अब होगा दिल की बीमारियों का इलाज, मेडिकल कॉलेज में 17 स्पेशलिस्ट पद स्वीकृत
नाहन, 15 जून (हि.स.)। डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 17 असिस्टेंट प्रोफेसर (स्पेशलिस्ट) के पद स्वीकृत करने पर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष रूप से आभार और धन्यवाद जताया है। विधायक ने इस फैसले को जिला सिरमौर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों में विशेष रूप से कार्डियोलॉजी की सुविधा शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत साबित होगा, क्योंकि अब दिल की बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को शिमला या चंडीगढ़ की तरफ नहीं भागना पड़ेगा।
विधायक अजय सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज नाहन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी चल रही थी। इस समस्या और जनता की जायज मांग को उन्होंने समय-समय पर विधानसभा सत्र के दौरान और व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री व सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस दिशा में त्वरित और जनहितैषी निर्णय लेते हुए एक साथ 17 विशेषज्ञ पद उपलब्ध करवाए हैं, जो यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार आम जनता की समस्याओं को लेकर कितनी गंभीर है।
अजय सोलंकी ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना वर्तमान सुक्खू सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मेडिकल कॉलेज में इन महत्वपूर्ण केंटर और विभागों के शुरू होने से न केवल नाहन शहर, बल्कि पूरे जिला सिरमौर और साथ लगते क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों से आने वाले गरीब व जरूरतमंद लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में निशुल्क या बेहद किफायती दरों पर मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

