धर्मगुरु दलाई लामा के जीवन पर बनी एनिमेटेड फ़िल्म मैन ऑफ पीस होगी प्रसारित
धर्मशाला, 21 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के सूचना और अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग द्वारा 23 सितंबर को धर्मशाला में 'तिब्बती राष्ट्रीय पहचान संरक्षण सप्ताह' के तहत मैक्सिमस मॉल में धर्मगुरु दलाई लामा पर बनाई गई एनिमेटेड फिल्म 'मैन ऑफ़ पीस' की स्क्रीनिंग दिखाई जाएगी। इस फ़िल्म में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के जीवन और उनके द्वारा विश्व को दिए गए शांति, करुणा और भाईचारे के संदेश को दिखाया गया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की काशाग (कैबिनेट) ने 21 अगस्त 2026 को यह निर्णय लिया था कि हर साल सितंबर के चौथे सप्ताह को 'तिब्बती राष्ट्रीय पहचान संरक्षण सप्ताह' के रूप में मनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य तिब्बती भाषा, संस्कृति, धर्म, विरासत और मूल्यों के संरक्षण के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना है। 'मैन ऑफ़ पीस' की स्क्रीनिंग इस वर्ष के आयोजन का हिस्सा है और यह आम जनता को एनिमेशन के माध्यम से परम पावन 14वें दलाई लामा के जीवन और संदेश के बारे में जानने का अवसर प्रदान करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

