सोलन के कैथलीघाट में शुरू हुई जिला स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता, 5 अप्रैल तक होगा आयोजन
सोलन, 03 अप्रैल (हि.स.)। सोलन जिला राइफल एसोसिएशन द्वारा 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक कंडाघाट के कैथलीघाट महालक्ष्मी फर्नीचर के समीप 11वीं जिला स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वधान में की जा रहा है। प्रतियोगिता में हिमाचल के साथ-साथ बाहरी राज्यों के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। जिला राइफल एसोसिएशन के महासचिव विजय ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 350 शूटर हिस्सा लेने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में .22 राइफल 50 मीटर, .22 पिस्टल, 50 व 25 मीटर, .32 सेन्टर फायर पिस्टल 25 मीटर और ट्रैप शूटिंग (12 बोर) की प्रतियोगिताएँ करवाई जा रही हैं।
जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल व राइफल प्रतियोगिताएँ इसी अवधि में श्री बालाजी गनफायर शूटिंग अकेडमी नजदीक छावनी रेस्टोरेंट बायपास रोड सोलन में आयोजित की जा रही हैं ।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए आर्म्स एमुनिशन प्रतिभागी शूटर्स को एसोसिएशन द्वारा मौके पर ही उपलब्ध करवाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

