home page

अभी नहीं बनें नए जिले, जनगणना के बाद हो विचार : मंत्री चंद्र कुमार

 | 
अभी नहीं बनें नए जिले, जनगणना के बाद हो विचार : मंत्री चंद्र कुमार


शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही कवायद के बीच कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अभी नए जिले नहीं बनाए जाने चाहिए। उनका मानना है कि नए जिलों के गठन पर कोई भी प्रक्रिया जनगणना पूरी होने के बाद ही शुरू होनी चाहिए, क्योंकि आबादी नए जिले बनाने का एक महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के बीच में इस तरह की प्रक्रिया शुरू करने से सही आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल नए जिले बनाने के पक्ष में नहीं हैं। इस विषय पर गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

चौधरी चंद्र कुमार ने शुक्रवार को कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर लोगों की अलग-अलग राय है। कुछ लोग इसके पक्ष में हैं, जबकि कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। कांगड़ा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का बड़ा जिला है और यहां विधानसभा की काफी सीटें हैं। प्रदेश की राजनीति में कांगड़ा का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने नए जिले बनाने की जरूरत पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक खर्च बढ़ेगा। नए जिले बनने पर कार्यालय, अधिकारी और कर्मचारियों की व्यवस्था करनी होगी। इससे बजट का बड़ा हिस्सा प्रशासनिक व्यवस्था पर खर्च होगा। उनके अनुसार जिलों की संख्या बढ़ाने से विकास में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होती।

कृषि मंत्री ने कहा कि पहले के मुकाबले प्रदेश में सड़क नेटवर्क बेहतर हुआ है। इससे दूरियां कम हुई हैं और लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में कम समय लगता है। पहले कांगड़ा जिले में कुल्लू और लाहौल-स्पीति का हिस्सा भी शामिल था और धर्मशाला पहुंचने में लोगों को काफी समय लगता था। अब सड़क सुविधाओं में सुधार हुआ है। इसके अलावा तहसील, एसडीएम और बीडीओ कार्यालयों की संख्या बढ़ी है। सरकारी सेवाएं भी ऑनलाइन और डिजिटल हो रही हैं। ऐसे में लोगों के कई काम घर के नजदीक या ऑनलाइन पूरे हो रहे हैं। इसलिए नए जिलों के गठन से पहले इन सभी पहलुओं पर विचार करना जरूरी है।

सुक्खू सरकार गठित कर चुकी है आयोग, छह महीने में देनी है रिपोर्ट

प्रदेश में नए जिलों के गठन और मौजूदा प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पहले ही आयोग का गठन कर चुकी है। पूर्व न्यायाधीश धर्म चंद चौधरी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय आयोग ने अपना काम शुरू कर दिया है। आयोग प्रदेश में मौजूदा जिलों, उपमंडलों, तहसीलों, उपतहसीलों और विकास खंडों की व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। उसे नई प्रशासनिक इकाइयों के गठन, मौजूदा इकाइयों के विलय, विभाजन और पुनर्गठन की संभावनाओं का अध्ययन करना है। आयोग को अधिसूचना जारी होने की तारीख से छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है। रिपोर्ट में जनसंख्या, भौगोलिक परिस्थितियों, लोगों की सुविधा, प्रशासनिक जरूरतों और नए ढांचे पर आने वाले खर्च का आकलन किया जाएगा। इसके बाद सरकार रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लेगी।

कांगड़ा और शिमला के विभाजन के विरोध में भी उठे स्वर

नए जिलों के गठन की चर्चा के बीच कांग्रेस के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली ने जिले के विभाजन का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि कांगड़ा को न तो तोड़ा जा सकता है और न ही इसके विभाजन की बात की जानी चाहिए। उनके अनुसार एकजुट कांगड़ा अधिक मजबूत है और जिले को बांटने की जरूरत नहीं है।

वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शिमला जिले के प्रशासनिक विभाजन के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने पिछले दिनों स्पष्ट शब्दों में कहा था कि शिमला जिला एक था, एक है और एक ही रहेगा। उन्होंने जिले को विभाजित करने के बजाय मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही है। इस तरह नए जिलों के गठन का विषय सरकार के आयोग की समीक्षा के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा