home page

मतदान के बाद बिगड़ी तबीयत, सिरमौर में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

 | 

नाहन, 30 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान एक 65 वर्षीय मतदाता की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बलिंद्र सिंह निवासी नावणी, जमटा के रूप में हुई है। वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से बेलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

जानकारी के अनुसार बलिंद्र सिंह शनिवार को नावणी पंचायत में मतदान करने के लिए जमटा स्थित मतदान केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान के बाद घर लौटने लगे। बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े तीन बजे मतदान केंद्र के बाहर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई।

परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बलिंद्र सिंह का उपचार पहले से पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार बलिंद्र सिंह मतदान के प्रति काफी जागरूक थे और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पहुंचे थे। उन्होंने अपना वोट डालकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर