home page

मंडी में हवन यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ मनाया धर्मसंघ भूतनाथ मंदिर का स्थापना दिवस

 | 
मंडी में हवन यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ मनाया धर्मसंघ भूतनाथ मंदिर का स्थापना दिवस


मंडी में हवन यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ मनाया धर्मसंघ भूतनाथ मंदिर का स्थापना दिवस


मंडी, 16 जुलाई (हि.स.)। ऐतिहासिक मंडी रियासत की नई राजधानी की स्थापना आज से करीब पांच सौ साल पूर्व 1527 ई. में हुई थी। इसी के साथ ही मंडी के अधिष्ठाता बाबा भूतनाथ के मंदिर की स्थापना भी तत्कालीन राजा अजबर सेन द्वारा की गई थी। वीरवार को धर्म संघ भूतनाथ मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना को लेकर सुंदरकांड पाठ, हवन यज्ञ और पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों का धर्म संघ की ओर से शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति अर्पित कर विश्व कल्याण, शांति और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने धर्म संघ को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हैं। उन्होंने धर्म संघ द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की।

वहीं, महापौर सुमन ठाकुर ने भी स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि धर्म संघ वर्षों से धार्मिक परंपराओं को सहेजने और समाज को जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह जनकल्याण और धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं। धर्म संघ के अध्यक्ष भीम चंद सरोच ने बताया कि स्थापना दिवस हर वर्ष पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। धर्म संघ समय-समय पर सुंदरकांड पाठ, धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सेवा कार्य और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है और भविष्य में भी यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि धर्म संघ का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा