home page

ढली-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा, सुरंगों पर रहेगा जोर : मुख्यमंत्री सुक्खू

 | 
ढली-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा, सुरंगों पर रहेगा जोर : मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 07 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला को ऊपरी इलाके से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ढली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोरलेन में विकसित करने को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और इसके निर्माण में सुरंगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे भूस्खलन की समस्या को कम किया जा सके तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

शिमला जिले के प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में रविवार को पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क संपर्क और पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ढली से रामपुर तक प्रस्तावित फोरलेन परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार परियोजना के डिजाइन में ऐसे प्रावधान किए जाएंगे जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और यात्रा अधिक सुरक्षित बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाटू माता रोपवे परियोजना को भी आगे बढ़ा रही है। इस परियोजना को नाबार्ड के तहत प्रस्तावित किया गया है और इसे धरातल पर उतारने में तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा हाटू माता सड़क के सुधार के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है तथा कार्यों के दौरान पेड़ों के कटान को न्यूनतम रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्विरोध निर्वाचित नारकंडा नगर पंचायत को प्रोत्साहन स्वरूप 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। नारकंडा में नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। उन्होंने क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा