home page

पांवटा मंडी से धान उठाने का काम शुरू, बढ़ेगी खरीद की रफ्तार

 | 

नाहन, 28 अक्टूबर (हि.स.)।कृषि उपज मंडी पांवटा साहिब में धान बेचने के लिए पिछले पांच दिनों से परेशानियों का सामना कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मंडी से धान के बैग उठाने का कार्य शुरू कर दिया है। बीते दिनों पांवटा साहिब मंडी से करीब 2,500 धान के बैग उठाए गए हैं। इससे गोदामों में जगह खाली होने की उम्मीद है और धान की खरीद की रफ्तार बढ़ने का रास्ता साफ हो सकता है।

पिछले कई दिनों से मंडी में धान बेचने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा था। धान की खरीद धीमी होने और गोदामों में जगह की कमी के कारण किसानों को अपने ट्रैक्टरों के साथ लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा था।

किसान कुलदीप चौधरी ने बताया कि कई दिनों तक ट्रैक्टरों पर धान लेकर इंतजार करने के कारण उनका खर्च लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह हो गई थी कि ट्रैक्टर का किराया धान की बिक्री से होने वाली कमाई पर भारी पड़ने लगा था। दिन-रात मंडी में इंतजार करने के बावजूद समय पर धान न बिकने से किसान आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे थे।अब विभाग की ओर से धान उठाने का काम शुरू किए जाने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जैसे-जैसे गोदामों में जगह खाली होगी, वैसे-वैसे धान की खरीद और उठान की प्रक्रिया को गति मिल सकती है। इससे मंडी में किसानों की भीड़ कम करने और लंबे इंतजार से राहत दिलाने में मदद मिलने की संभावना है।

फूड एंड सप्लाई के एरिया मैनेजर नरेश ने बताया कि धौलाकुआं मंडी से भी करीब 7,500 धान के बैग उठाए गए हैं। विभाग की ओर से धान का उठान लगातार जारी रखने की बात सामने आई है, ताकि मंडियों में जगह की कमी के कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर