home page

पांवटा कृषि मंडी में धान खरीद का जोरदार आगाज, 8,900 मीट्रिक टन का लक्ष्य

 | 

नाहन, 03 अक्टूबर (हि.स.)।अन्नदाताओं के लिए बड़ी खबर है। पांवटा साहिब कृषि मंडी में आज से धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई। एएमसी अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने धान खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

एएमसी अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने बताया कि 3 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक धान की खरीद की जाएगी। सिरमौर जिला में पांवटा साहिब और धौलाकुआं कृषि मंडियों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जाएगा। इस वर्ष धान का मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में पांवटा साहिब मंडी में 5,900 मीट्रिक टन, जबकि धौलाकुआं में 3,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। दोनों मंडियों को मिलाकर कुल 8,900 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को मंडी में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए इस बार बेहतर प्रबंधन और व्यवस्थाएं की गई हैं। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि अन्नदाता अपनी फसल आसानी से मंडी में बेच सकें।धान खरीद शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में भी उत्साह देखने को मिला और मंडी परिसर में खरीद प्रक्रिया को लेकर हलचल बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर