home page

देवताओं की व्यवस्था को लेकर एसडीएम एवं मेला अध्यक्ष ने देवता समिति संग की अहम बैठक

 | 
देवताओं की व्यवस्था को लेकर एसडीएम एवं मेला अध्यक्ष ने देवता समिति संग की अहम बैठक


मंडी, 03 मार्च (हि.स.)। एसडीएम एवं मेला अध्यक्ष मनीश चौधरी ने जोगिंदर नगर में देवता समिति के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में चौहारघाटी व स्थानीय देवताओं के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान देवता समिति द्वारा मेले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से मेले के दौरान देवताओं के बैठने, पूजा-अर्चना तथा ठहरने की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मेला अध्यक्ष मनीश चौधरी ने देवता समिति को आश्वस्त किया कि मेले में देवताओं की ठहरने, पूजा एवं बैठने की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष भी मेले में 100 से अधिक देवी-देवता जलेब में भाग लेंगे। साथ ही मेला अध्यक्ष ने देवता समिति से आग्रह किया कि जलेब के आयोजन से पूर्व सभी देवता समय पर पहुंचें, ताकि जलेब को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया जा सके और किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और देवता समिति ने मेला प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा