home page

देव रामपाल ब्रह्मा की शोभायात्रा के साथ हुआ चेली महोत्सव का आगाज

 | 
देव रामपाल ब्रह्मा की शोभायात्रा के साथ हुआ चेली महोत्सव का आगाज


मंडी, 09 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के विकास खंड द्रंग की ग्राम पंचायत चेली में आयोजित चेली महोत्सव का विधिवत शुभारंभ देव रामपाल ब्रह्मा की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। चैहड़गलू से चेली पंचायत कार्यालय तक निकाली गई इस शोभायात्रा में देवता के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जिससे क्षेत्र में भक्ति व उत्साह का माहौल बना।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि तथा समाजसेवी राजा सिंह मल्होत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत की पूर्व प्रधान चंपा ठाकुर ने मुख्यातिथि एवं अन्य गणमान्य लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद सैनिक जय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत देशभक्ति गीतों से पूरा पंडाल गूंज उठा, जिससे माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। मुख्यातिथि एसडीएम सुरजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में एसडीएम सुरजीत सिंह ने कहा कि मेले और तीज-त्यौहार हमारी प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में भाईचारा, आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा इस तरह के आयोजनों को सफल बनाने के प्रयासों की सराहना की। बारिश के बावजूद ग्रामीणों में महोत्सव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। महिला मंडलों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से महिला मंडल कदरयाला द्वारा सेना की पोशाक में प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर पंचायत के पूर्व उपप्रधान प्रेम सिंह प्रीतू सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में भी महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा