नाहन नगर परिषद चुनाव: पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना
नाहन, 16 मई (हि.स.)। नाहन नगर परिषद चुनाव के तहत 17 मई को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया के मद्देनजर शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को तीसरे चरण का रिहर्सल करवाया गया। इस दौरान कर्मचारियों को मतदान केंद्र स्थापित करने, ईवीएम की कार्यप्रणाली तथा आवश्यक प्रपत्र भरने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद सभी पोलिंग पार्टियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए कुल 23 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ रवाना किया गया है और वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

