स्थानीय निकायों के पैंशनरों ने सेरी चानणी में किया धरना-प्रदर्शन
मंडी, 16 नवंबर (हि.स.)। पैंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मंडी जिला मुख्यालय के सेरी चानणी में स्थानीय निकायों के पैंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश शहरी स्थानीय निकाय पैंशनर महासंघ के अध्यक्ष शिव सिंह सेन ने की। प्रदर्शन में नगर निगम मंडी सहित नगर परिषद सुंदरनगर, नेरचौक, जोगिंद्रनगर और सरकाघाट के पैंशनरों ने भाग लिया।
इस दौरान शिव सिंह सेन ने कहा कि स्थानीय निकायों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 1 जनवरी, 2016 से संशोधित वेतनमान के आधार पर पैंशन का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा महंगाई भत्ते का एरियर, अन्य लंबित वित्तीय देय राशि, चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों, ग्रेच्युटी और सेवानिवृत्ति से जुड़े अन्य लाभों के भुगतान में भी अनावश्यक देरी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका अधिनियम एवं सेवा नियमों के तहत स्थानीय निकायों के कर्मचारियों और पैंशनरों से जुड़े पैंशन, ग्रेच्युटी तथा अन्य वित्तीय देनदारियों के मामलों का निपटारा संबंधित विभाग और निदेशक शहरी विकास कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए। इसके बावजूद मामलों का निपटारा नहीं हो रहा है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लाखों रुपए की राशि सरकार के पास लंबित है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पैंशनरों को अपनी मेहनत से अर्जित हक की राशि के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और शहरी विकास विभाग से मांग की कि सभी स्थानीय निकायों के पैंशनरों को 1 जनवरी, 2016 के संशोधित वेतनमान के आधार पर पैंशन का पूरा लाभ शीघ्र दिया जाए। साथ ही चिकित्सा बिलों, ग्रेच्युटी और अन्य लंबित वित्तीय एरियर का भुगतान बिना किसी देरी के सुनिश्चित किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

