बड़सर के पूर्व विधायक राम रत्न शर्मा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
हमीरपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। बड़सर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व विधायक राम रत्न शर्मा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शर्मा ने शनिवार देर रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों में शोक छा गया और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर एकत्रित हुए।
राम रत्न शर्मा का सार्वजनिक जीवन पूर्णतः जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित रहा। वह नादौनता (वर्तमान बड़सर) विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए और अपने कार्यकाल के दौरान जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया। गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर उन्होंने सदैव सत्ता पक्ष के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखी। वे 1982 और 1990 में भाजपा से विधायक रहे।
उनके कार्यकाल में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों के विकास को लेकर अनेक कार्य हुए। जनता के बीच उनकी पकड़ और सहज स्वभाव के कारण वह हमेशा लोगों के चहेते नेता बने रहे। राम रत्न शर्मा का व्यक्तित्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं था। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए चले ऐतिहासिक आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके समर्पण और संघर्ष को लंबे समय तक याद किया जाएगा। भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के प्रति उनकी गहरी आस्था उनके सार्वजनिक जीवन का अभिन्न अंग रही। वह नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों में भाग लेते थे और समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का कार्य करते रहे।
राम रत्न शर्मा पतंजलि योगपीठ से लंबे समय तक जुड़े रहे और योग को आम जनमानस तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उन्होंने क्षेत्र में अनेक योग शिविरों का आयोजन करवाया और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके इन प्रयासों से सैकड़ों लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राम रत्न शर्मा के निधन से प्रदेश की राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि शर्मा एक निष्ठावान जनप्रतिनिधि और समर्पित समाजसेवी थे। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और अनुभव का लाभ क्षेत्र को हमेशा मिलता रहा।
वहीं बडसर के विधायक इंद्र दत लखनपाल ने कहा कि राम रत्न शर्मा का हमारे बीच से चले जाना केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बड़सर क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, उनका स्नेह और क्षेत्र के लोगों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगा। उन्होने कहा कि जउनकी अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब इस बात का साक्षी था कि उन्होंने अपने जीवन में कितने लोगों के दिलों को छुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

