राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में डीएवी मंडी के रिहदांत ने झटके 3 पदक, राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई प्रतिभा
मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी के प्रतिभाशाली छात्र रिहदांत मंडोत्रा ने तैराकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोलन जिला के धर्मपुर स्थित सनावर स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय स्विमिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिहदांत ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक तथा 50×4 इंडिविजुअल मेडले स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
राज्य स्तर पर इस शानदार सफलता के बाद रिहदांत ने राजस्थान स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा जयपुर में आयोजित 42वीं सब जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप - 2026 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर आगे बढ़ने की भावना का संचार करते हैं । उन्होंने कहा कि रिहदांत की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने खेल शिक्षक सुशील सेन, समस्त अध्यापक वर्ग एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए रिहदांत मंडोत्रा के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छूने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

