home page

जंगल जम्बूरी : प्रकृति की दुनिया को जानना, समझना और उससे प्रेम करना ही सच्ची शिक्षा

 | 
जंगल जम्बूरी : प्रकृति की दुनिया को जानना, समझना और उससे प्रेम करना ही सच्ची शिक्षा


मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)।

डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी द्वारा एल.के.जी. के विद्यार्थियों के लिए जंगल जम्बूरी नामक एक जीवंत एवं आकर्षक पशु-पक्षी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी ने नन्हे विद्यार्थियों को पशु-पक्षियों की अद्भुत दुनिया को जानने और समझने का एक शानदार अवसर प्रदान किया। साथ ही, बच्चों को अपने ज्ञान, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करने का मंच भी मिला।

आकर्षक वेशभूषा में सजे और रंग-बिरंगे प्रॉप्स लिए बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ विभिन्न पशु-पक्षियों की भूमिकाएं निभाई। नन्हे प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने पशु-पक्षियों के नाम, उनके आवास, खान-पान, विशेषताओं और उनके बच्चों के बारे में रोचक जानकारियां साझा की।

बच्चों ने हमारे पर्यावरण में पशु-पक्षियों के महत्त्व तथा उनके प्रति प्रेम, सुरक्षा और देखभाल की आवश्यकता के बारे में भी बताया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन किया, नन्हें प्रतिभागियों से बातचीत की तथा उनके उत्साहपूर्ण सहभागिता और सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद दिया और ऐसे सार्थक अनुभवों के माध्यम से निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा