home page

वैदिक मंत्रोच्चार और पावन आहुतियों के साथ डीएवी मंडी में नए शैक्षणिक सत्र का शंखनाद

 | 
वैदिक मंत्रोच्चार और पावन आहुतियों के साथ डीएवी मंडी में नए शैक्षणिक सत्र का शंखनाद


मंडी, 01 अप्रैल (हि.स.)। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी में 1 अप्रैल को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ पारंपरिक वैदिक यज्ञ के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस पावन यज्ञ में भारतीय संस्कृति और वैदिक मर्यादाओं का पालन करते हुए नए सत्र की सफलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य वेद मित्र शास्त्री ने शास्त्रोक्त विधि-विधान, गायत्री मंत्र और विशिष्ट वैदिक ऋचाओं के उच्चारण के साथ हवन संपन्न करवाया, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आदरणीय के. एस. गुलेरिया सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने अत्यंत श्रद्धा भाव से हवन कुंड में आहुतियां डालीं और परम पिता परमात्मा से आगामी सत्र के निर्विघ्न, सफल और उपलब्धिपूर्ण होने की सामूहिक प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने अपने प्रेरणादायी संदेश में विद्यार्थियों और शिक्षक वर्ग को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों का समावेश छात्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने आगामी सत्र की चुनौतियों और लक्ष्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया और ईश्वर से सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस यज्ञ के माध्यम से न केवल नए सत्र का औपचारिक शुभारंभ हुआ, बल्कि विद्यार्थियों में अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना को भी सुदृढ़ किया गया। पूर्णाहूति के पश्चात सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया और नई ऊर्जा व संकल्प के साथ शैक्षणिक गतिविधियों का प्रारंभ किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा