डीएवी जवाहर नगर मंडी के खिलाड़ियों ने डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में 72 जीते 21 पदक
मंडी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली एनसीआर में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर, मंडी के 184 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें विभिन्न खेल स्पर्धाओं में टीम और व्यक्तिगत खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 72 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में कुल 21 पदक जीतकर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।
डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी नई दिल्ली के मार्गदर्शन में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम दिल्ली में आयोजित इस भव्य टूर्नामेंट का शुभारंभ 23 अक्टूबर को कमेटी के प्रधान पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने किया। जिसमें देश के 23 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 23,000 डीएवीएन खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिनमें हिमाचल प्रदेश से करीब 1,500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अकेले जवाहर नगर मंडी स्कूल के 72 विद्यार्थियों ने पदक प्राप्त किए।
एरोबिक्स फिटनेस में स्कूल की बालिकाओं ने अंडर-14 में सिल्वर, अंडर-17 में गोल्ड, अंडर-19 में सिल्वर तथा बालकों ने अंडर-14 व अंडर-17 में गोल्ड और अंडर-19 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। जबकि ताइक्वांडो में बालिकाओं ने अंडर-14 में गोल्ड तथा अंडर-17 व 19 में ब्रॉन्ज मेडल जीते। वहीं पर बालकों ने अंडर-14 व 19 में सिल्वर और अंडर-17 व 19 में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए। इसके अतिरिक्त बॉक्सिंग व वुशु अंडर-17 व 14 बालक में ब्रॉन्ज, रोप स्किपिंग अंडर-17 बालिका में ब्रॉन्ज, वेटलिफ्टिंग अंडर-17 बालक में सिल्वर और फुटबॉल अंडर-14 बालिका में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के एस गुलेरिया ने समस्त विजयी खिलाड़ियों, कोचों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता हमारे बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है, जो भविष्य में अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

