जैदेवी में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती और किसान रजिस्ट्री पर हुआ संवाद
मंडी, 29 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के विकास खंड धनोटू की ग्राम पंचायत जैदेवी में आत्मा परियोजना मंडी के तत्वावधान में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 170 किसानों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया। गोष्ठी में किसान रजिस्ट्री, प्राकृतिक खेती तथा कृषि, बागवानी और पशुपालन विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक डॉ. प्राची ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. राकेश पाटियाल, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. सोनल गुप्ता, विषयवाद विशेषज्ञ सुंदरनगर डॉ. शमशेर सिंह, केवीके वैज्ञानिक डॉ. दिनेश यादव, उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनुपमा, पशुपालन विभाग के डॉ. विपिन तथा कृषि प्रसार अधिकारी नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। गोष्ठी में किसानों को किसान रजिस्ट्री के महत्व, पंजीकरण प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक एवं आर्थिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए खेती की लागत कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के उपाय बताए।
मुख्य अतिथि डॉ. प्राची ने किसानों को प्राकृतिक खेती को डेयरी एवं अन्य सहायक कृषि व्यवसायों से जोड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कम उत्पादक एवं समस्याग्रस्त क्षेत्रों में हल्दी जैसी वैकल्पिक फसलों की संभावनाएं तलाशने का सुझाव दिया। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका मौके पर समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के आयोजन में बीटीएम एवं एटीएम स्टाफ के साथ ग्राम पंचायत जयदेवी के प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

