home page

साइबर सुरक्षा के गुर सीखेंगे इंजीनियरिंग एवं बहुतकनीकी कालेजों के शिक्षक

 | 
साइबर सुरक्षा के गुर सीखेंगे इंजीनियरिंग एवं बहुतकनीकी कालेजों के शिक्षक


हमीरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। राजकीय पॉलिटेक्निक हमीरपुर में 10 से 15 अगस्त तक “साइबर सुरक्षा: ट्रेंड्स, टूल्स एंड एप्लीकेशन्स” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों से 31 फैकल्टी सदस्य एवं शोधार्थी भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. राजीव चंदेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग, एनआईटी हमीरपुर द्वारा किया गया। उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइबर खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता, जागरूकता तथा नवीनतम साइबर सुरक्षा उपकरणों की जानकारी आवश्यक है।

डॉ. टी. पी. शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर, एनआईटी हमीरपुर ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की वर्तमान चुनौतियों तथा डिजिटल प्रणालियों एवं सूचना की सुरक्षा के लिए अपनाई जाने वाली प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी।

राजकीय पॉलिटेक्निक हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और तकनीकी ज्ञान का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के नवीनतम रुझानों, उपकरणों एवं उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से अवगत करवाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा