संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
मंडी, 04 जून (हि.स.)। मंडी जिला के थाना बल्ह के अंतर्गत एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने पति, सास और ननद पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी शिकायत में रविकांत पुत्र लक्ष्मी चंद निवासी गांव लाग, डाकघर मलोह, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी ने बताया कि उसकी छोटी बहन कुशमा देवी उर्फ शालू का विवाह अमित कुमार पुत्र लाल सिंह निवासी गांव रठोहा, डाकघर टिक्कर, तहसील बल्ह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
शिकायतकर्ता के अनुसार विवाह के कुछ वर्षों बाद से ही कुशमा देवी को उसका पति, सास तथा छोटी ननद शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर कुशमा देवी ने आत्मघाती कदम उठाया।
रविकांत ने बताया कि उसके मामा कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने सूचना दी कि कुशमा देवी ने अपने घर गांव रठोहा में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन ने ससुराल पक्ष के व्यवहार से तंग आकर यह कदम उठाया है तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी विनोद कमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

