home page

नाहन में स्कूटी सवार युवक से मारपीट, जेब से छह हजार रुपये निकालने का आरोप

 | 

नाहन, 24 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन के गोबिंदगढ़ मोहल्ले के पास स्कूटी सवार एक युवक के साथ मारपीट करने और उसकी जेब से छह हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कच्चा टैंक नाहन निवासी मोक्ष पुत्र सोहन लाल ने 24 अक्टूबर को पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के लिए नया बाजार नाहन से बावेजा पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोबिंदगढ़ मोहल्ले के पास पहले से खड़े 3-4 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार मारपीट करने वालों में एक युवक का नाम मनी सिंह है। मारपीट में उसके सिर, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी जेब से गैस सिलेंडरों की सरकारी राशि के छह हजार रुपये भी निकालकर ले गए।

पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर