मंडी के बग्गी-चैलचौक मार्ग पर रोपड़ी में कार गहरी खाई में गिरी, दंपती समेत दो बच्चे घायल
मंडी, 16 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिले में बग्गी-चैलचौक सड़क मार्ग पर रोपड़ी के समीप वीरवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती और उनके दो बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक राहत के बाद उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया। जानकारी के अनुसार कार (एचपी 82 ए 8036) ब्रिखमनी से चैलचौक के रतेहड़ी गांव रिश्तेदारी में जा रही थी। रोपड़ी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।
हादसे में नरेश कुमार उर्फ पप्पू, उनकी पत्नी वीणा देवी तथा उनके दो पुत्र दिवांश और वेदांत निवासी ब्रिखमनी घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मगरू पाधरू पंचायत के प्रधान प्रवीण कुमार स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है और घटना की छानबीन की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

