home page

(अपडेट) नृशंस हत्याः मंडी के सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की दराट से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) नृशंस हत्याः मंडी के सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की दराट से हत्या, आरोपी गिरफ्तार


मंडी, 13 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला में सोमवार के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सबको हिलाकर रख दिया। पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई। जिला मंडी के उपमंडल सरकाघाट में जब एक छात्रा सुबह 9 बजे अपने घर से सरकाघाट कालेज जाने के लिए निकली और घर के पास से गुजरने वाली बस एक महीने से बंद होने के कारण मुख्य सड़क तक जाने के लिए अभी लगभग एक किलोमीटर का रास्ता तय कर पाई थी कि घात लगाकर बैठे एक सिरफिरे ने अचानक उस पर दराट ,तेज धारदार हथियार, से हमला कर दिया। बचाव में आई छात्रा का पहले तो बाजू कट गया मगर सिरफिरे ने एक और वार करके उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। छात्रा की चीखो पुकार सुन कर कुछ दूरी पर उसका इंतजार कर रही सहेलियां दौड़ी व आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। इसी बीच भाग खड़े हुए हत्यारे को जब कुछ लोगों ने पकड़ना चाहा तो उसने उन पर भी दराट से हमला कर दिया। वह भागते हुए नाले में जा छिपा मगर पूरे इलाके के लोग एकत्रित होकर उसकी तलाश में निकल गए और कुछ ही दूरी पर नाले के पास खेतों से उसे पकड़ लिया गया। मौके पर लोगों ने उसे जमकर धुन डाला। मौके पर डीएसपी व थाना प्रभारी की अगुवाई में पहुंची पुलिस ने उसे लोगों से छुड़वा कर अपने रस्सियां से बांध कर अपने कब्जे में लिया और गिरफ्तार कर लिया। जिला मुख्यालय मंडी से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा व फारेंसिक की टीम भी पहुंची व साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे का शिकार हुई छात्रा 19 साल की शिया गुलेरिया गंाव नैण की रहने वाली थी जो सरकाघाट कालेज में बी वॉक का कोर्स कर रही थी। हत्या आरोपी विकास पटयाल जो अपने अपने ननिहाल गांव थाना जो नैण गांव के साथ ही है, में रहता था को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। मृतक छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए श्री लाल बहादुर मेडिकल कालेज नेरचौक मंडी भेजा गया है। पूरे इलाके में इस घटना से सनसनी फैल गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी तक हत्या का कारण पता नहीं चल पाया है। मृतका व हत्यारे की उम्र में भी 18-19 साल का अंतर है। छात्रा की उम्र महज 19 साल जबकि हत्या आरोपी की 36 साल बताई जा रही है। पूरा दिन यह वारदात सोशल मीडिया पर सबसे अधिक वायरल होती रही है व इसकी कड़ी निंदा हर तरह से की गई। इसी बीच सरकाघाट, शिमला व अन्य जगहों पर हत्यारे को फंासी की सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए।

मिली जानकारी के अनुसार हत्यारोपी अपने ननिहाल में रहता था तथा उसका व्यवहार व रवैया उदंड जैसा रहा है। उसने शिया पर ही क्यों हमला किया, उसे क्यों इस तरह से काटकर मार डाला इसे लेकर कोई खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। नशेड़ी होना भी एक कारण माना जा रहा है मगर जिस तरह से बताया गया कि हत्या करने के बाद वह घटना स्थल से भागते हुए गया, रास्ते में उसने खून से सना दराट धोकर साफ किया और फिर आराम से छुप गया, इससे किसी सोची समझी साजिश होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा