करसोग अस्पताल में मरीज ने तोड़ डाले उपकरण, डाक्टर नर्सों व स्टाफ के साथ भी उलझा
मंडी, 19 मार्च (हि.स.)। जिला के करसोग नागरिक अस्पताल में एक मरीज द्वारा चिकित्सा उपकरणों को तोड़ फोड़ करके नुक्सान पहुंचाने व डाक्टर, नर्सों व चिकित्सा स्टाफ के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल करसोग में तैनात डॉ. अजय कुमार, चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल करसोग ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बीती रात लगभग 12ः50 बजे रात्रि एक व्यक्ति, जिसे पुलिस द्वारा चिकित्सीय परीक्षण हेतु अस्पताल लाया गया था, ने अस्पताल परिसर में अचानक आक्रामक व्यवहार करना शुरू कर दिया। उक्त व्यक्ति की पहचान निखिल नेगी पुत्र हेम चंद, निवासी गांव कोट, डाकघर व तहसील करसोग, जिला मण्डी, आयु 22 वर्ष के रूप में हुई है।
शिकायत के अनुसार उक्त व्यक्ति नशे की हालत में था तथा उसने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए दरवाजों, ईसीजी मशीन, ऑक्सीजन फ्लो मीटर सहित अन्य चिकित्सा उपकरणों, दवाइयों व फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। इसके अतिरिक्त उसने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, स्टाफ नर्स, सुरक्षा गार्ड एवं पुलिस कर्मी के साथ दुर्व्यवहार व धमकी भी दी, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
पुलिस द्वारा मौके पर जाकर जांच करने पर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सा उपकरण बिखरे व क्षतिग्रस्त पाए गए।
उपरोक्त तथ्यों के आधार पर पुलिस थाना करसोग में अभियोग पंजीकृत किया गया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एवं मेडिकेयर सर्विस संस्थान (हिंसा व संपत्ति क्षति निवारण) संशोधन अधिनियम 2017 की धारा 3(1), सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 224 एवं 352 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

