home page

ब्यास नदी में डूबी जीप मिली, पर नहीं मिल पाया चालक का शव

 | 

मंडी, 02 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना सदर मंडी के तहत मंडी कुल्लू मार्ग पर मंडी से आठ किलोमीटर दूर 6 मील के पास 28 अगस्त की आधी रात को ब्यास नदी में गिरी महिन्द्रा बोलेरो पिकअप वाहन संख्या एचपी 66ए-6528 को पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने तलाश कर लिया है मगर इसके चालक के शव का अभी तक पता नहीं मिल पाया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि नदी में डूबे चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को इस वाहन की ब्यास नदी में गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस चौकी पण्डोह की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा वाहन एवं चालक की तलाश शुरू की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त वाहन में सब्जी लदी हुई थी तथा वाहन को रमेश चन्द, निवासी गांव लगसाल, डाकघर राहला, तहसील औट, जिला मण्डी चला रहा था। पुलिस टीम द्वारा एसडीआरएफ टीम की सहायता से ब्यास नदी के किनारे एवं नदी के अंदर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सर्च के दौरान हादसाग्रस्त वाहन का पता लगा लिया गया है। वाहन ब्यास नदी के अंदर गाद ( सिल्ट) में फंसा हुआ है तथा उसे रस्सी से सुरक्षित रूप से बांधा गया है। हालांकि, वाहन चालक रमेश चन्द का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा वाहन चालक की तलाश लगातार जारी है तथा घटना के संबंध में आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा