भोटा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड रहे शहरी इकाई अध्यक्ष पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई: राकेश ठाकुर
हमीरपुर, 14 मई (हि.स.)। भोटा नगर पंचायत चुनावों में भाजपा की शहरी इकाई के अध्यक्ष संजय कुमार द्वारा वार्ड नंबर-7 से पार्टी समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार के विरुद्ध चुनाव लड़ने के निर्णय पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा संज्ञान लिया है। इस संबंध में भाजपा बड़सर के मंडल-अध्यक्ष संजीव शर्मा ने 12 मई को जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर को लिखित शिकायत प्रेषित की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई हेतु प्रदेश नेतृत्व को पूरे प्रकरण से अवगत करवा दिया है। राकेश ठाकुर ने कहा कि संजय कुमार स्वयं भाजपा के शहरी इकाई अध्यक्ष हैं तथा उनकी पत्नी को नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। इसके बावजूद पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, जिस पर पार्टी द्वारा कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक निर्णयों को सर्वोपरि मानती है तथा किसी भी स्तर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

