home page

मोदी सरकार के 12 साल में बढ़ी महंगाई और बेरोजगारी, वादे पूरे करने में रही विफल : विनय कुमार

 | 
मोदी सरकार के 12 साल में बढ़ी महंगाई और बेरोजगारी, वादे पूरे करने में रही विफल : विनय कुमार


शिमला, 12 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस अवधि में देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है, जबकि चुनावों के दौरान किए गए अधिकांश वादे अधूरे ही रह गए।

भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रमों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विनय कुमार ने कहा कि मोदी ने जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन उनमें से कोई भी पूरी तरह से धरातल पर नहीं उतर सका। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपये में उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, जबकि आज इसकी कीमत 1100 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। यदि यह वादा पूरा किया गया होता तो आज करोड़ों युवाओं को रोजगार की तलाश में भटकना नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन चुकी है।

विनय कुमार ने प्रदेश के सेब उत्पादकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बागवानों के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया था, लेकिन आज प्रदेश की सेब अर्थव्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी सेब पर आयात शुल्क कम होने के कारण स्थानीय उत्पादकों को बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला