home page

कांग्रेस पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करेंगी रजनी पाटिल

 | 
कांग्रेस पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करेंगी रजनी पाटिल


शिमला, 24 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल 25 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा बैठक करेंगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने आज यहां बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से संबंधित जिलों एवं ब्लॉकों में संगठन के कामकाज की विस्तृत रिपोर्ट भी ली जाएगी। संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर भी चर्चा होगी।

विनोद जिंटा ने बताया कि 26 सितंबर को मीडिया विभाग के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अग्रणी संगठनों एवं विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की यह महत्वपूर्ण बैठक है, जिसमें पार्टी की आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए भी पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला