जमीनी स्तर पर काम करने वालों को संगठन में मिलेंगे औहदे : विनय कुमार
शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन और विभिन्न विभागों में पद जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अनुसूचित जाति वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर अनुसूचित जाति समाज को सम्मान दिया है, जिसके लिए वह आभारी हैं।
विनय कुमार शनिवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पिछड़े वर्गों, दलितों और अनुसूचित जाति के लोगों के साथ खड़ी रही है और उनके अधिकारों तथा कल्याण के लिए कई योजनाएं कांग्रेस सरकारों ने बनाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी 28 प्रतिशत से अधिक है और 17 विधानसभा क्षेत्र इस वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
उन्होंने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि आरक्षित सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग कांग्रेस की मजबूत रीढ़ रहा है और आगे भी इसी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़ा रहना जरूरी है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन कुमार ने कहा कि विभाग को मजबूत करने और इसके विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

