सेब आयात शुल्क घटाने से बागवानों को नुकसान, ओलावृष्टि पर मुआवजा दे सरकार : कुलदीप राठौर
शिमला, 01 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बागवानी से जुड़े मुद्दों को लेकर एआईसीसी प्रवक्ता व ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष चिंता जताई है। कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन अभियान’ की कार्यशाला के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के बागवान कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
कुलदीप सिंह राठौर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 30 अप्रैल को कांगड़ा में राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में हिमाचल के बागवानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के तहत सेब पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत किए जाने से हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के बागवानों को नुकसान हो सकता है। उनके मुताबिक, इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की जरूरत है और कांग्रेस इसे प्रमुखता से उठाएगी।
उन्होंने कहा कि बागवानों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात करेगा, ताकि उनकी समस्याओं को सीधे तौर पर रखा जा सके। राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा ने इस विषय को गंभीरता से नहीं लिया है, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ी है।
इसके अलावा, उन्होंने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि इससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर असर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में घरेलू गैस सिलेंडर भी महंगा हो सकता है।
राठौर ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से बागवानों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जल्द सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों और बागवानों ने कर्ज लिया है, उनकी अदायगी पर फिलहाल रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

