home page

जयराम ठाकुर के बयान पर एफआईआर हो : विनोद ज़िंटा

 | 

शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान, जिसमें उन्होंने प्रदेश की तुलना पाकिस्तान से की, को प्रदेश और देश विरोधी करार दिया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए जयराम ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

वीरवार काे राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ज़िंटा ने कहा कि जयराम ठाकुर अपने आकाओं को खुश करने के लिए कांग्रेस सरकार पर बेबुनियाद और बचकाने आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता और संगठन के बीच पूरा तालमेल है और सरकार मजबूती से काम कर रही है।

ज़िंटा ने प्रदेश की वर्तमान आर्थिक स्थिति के लिए पूर्व भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी प्रदेशहित की बात आती है, भाजपा उससे किनारा कर लेती है। आपदा राहत के मुद्दे पर भी भाजपा ने प्रदेश का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि अब तक प्रदेश को नहीं मिली है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल पर निशाना साधते हुए ज़िंटा ने कहा कि उन्हें इस पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई नेताओं पर गंभीर आरोप हैं और ऐसे लोग प्रदेश हित की बात नहीं कर सकते।

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए ज़िंटा ने कहा कि प्रदेश में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, जबकि भाजपा शासनकाल में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था।

उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह में कांग्रेस संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला