चिट्टा बेचने वालों के लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं : मुख्यमंत्री
शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा जन जागरूकता वॉकथॉन की अगुवाई की और प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर न्यू बस अड्डे और वापस इंदिरा स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। जिला भर से विद्यार्थियों और आम लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉकथॉन से पहले मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ पूरी सख्ती से लड़ाई लड़ रही है, लेकिन इस लड़ाई को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे बच्चों को चिट्टा बेचकर पैसा कमा रहे हैं, युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर अपने घर भर रहे हैं, उन्हें ऊना की धरती से साफ कहना चाहता हूं कि हिमाचल में नशे के कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं है।
सुक्खू ने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है। चिट्टा बेचने वालों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जो युवा नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, उनके साथ संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करते हुए उन्हें इससे बाहर निकालने में हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले और नशे में फंसे व्यक्ति को एक नजर से नहीं देखा जा सकता।
उन्होंने हिमाचल के युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने किसी भी साथी को चिट्टा के रास्ते पर न जाने दें। दोस्त अपने साथी के सबसे करीब होता है और उसके व्यवहार में आने वाले बदलाव को सबसे पहले पहचान सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

