17 को रैल में मेडिकल कैंप का शुभारंभ और 18 को सधोड़ा पत्तन पुल का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
हमीरपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 17 और 18 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 16 सितंबर की शाम को ऊना से अपने पैतृक गांव सेरा के विश्राम गृह में पहुंचेंगे। वीरवार 17 सितंबर को वह सुबह 11 बजे आईटीआई रैल के परिसर में नए भवन की आधारशिला रखेंगे और पौधारोपण भी करेंगे। इसके तुरंत बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल के नवनिर्मित भवन का उदघाटन और जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शाम को वह सेरा के विश्राम गृह में ही रुकेंगे।
शुक्रवार 18 सितंबर को सुबह करीब साढे ग्यारह बजे मुख्यमंत्री सधोड़ापत्तन के पास ब्यास नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे और इसके बाद आईटीआई रैल के हैलीपैड से शिमला रवाना हो जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कालेज और आयुष विभाग के अधिकारियों को रैल में आयोजित किए जाने वाले जन स्वास्थ्य शिविर के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने रैल और इसके आस-पास की सभी ग्राम पंचायतों के लोगों से जन स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील भी की है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में कई स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशिलस्ट डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कई प्रकार के टैस्टों की सुविधा भी मौके पर ही उपलब्ध करवाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

