home page

आपदा में भाजपा ने नहीं दिया साथ, जनता ने नगर निकाय चुनाव में दे दिया जवाब : मुख्यमंत्री सुक्खू

 | 
आपदा में भाजपा ने नहीं दिया साथ, जनता ने नगर निकाय चुनाव में दे दिया जवाब : मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 21 मई (हि.स.)। केरल दौरे से लौटते ही मुख्यमंत्री सुखवने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शिमला में वीरवार को मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा को “झूठी पार्टी” करार देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने कांग्रेस के काम पर भरोसा जताया है और भाजपा को आईना दिखा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में 25 से ज्यादा नगर पंचायतों और नगर परिषदों में जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झूठ और जुमलों की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है। सुक्खू ने सवाल उठाया कि लोग भाजपा को वोट क्यों दें, जब उसने मुश्किल समय में प्रदेश का साथ ही नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आई आपदा के दौरान भाजपा ने हिमाचल की मदद नहीं की।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरडीजी बहाली में भी सहयोग नहीं दिया और प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता भी प्रदेश को नहीं मिली। सुक्खू ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने मनरेगा जैसी योजनाओं को प्रभावित करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि यही वजह है कि नगर निकाय चुनाव में लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।

सुक्खू ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों को ओपीएस दी, किसानों के लिए गेहूं, जौ और दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाया और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर बोझ डाला गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी देश की सच्चाई और जनता की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को उनकी बातों से इसलिए परेशानी होती है क्योंकि वह सच बोलते हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति करती है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस पार्टी ने अपने दो प्रधानमंत्रियों को खोया है।

सुक्खू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी युग की शुरुआत की थी और पंचायतीराज संस्थाओं व स्थानीय निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी भागीदारी मजबूत की। उन्होंने कहा कि देश उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा