8 मार्च को नाहन में महिला दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन, मुख्यमंत्री देंगे 250 करोड़ की सौगात
नाहन, 06 मार्च (हि.स.)। रविवार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है और समाज में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाता है। प्रदेश का राज्य स्तरीय महिला दिवस इस वर्ष सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित किया जा रहा है और इसकी अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।इस समारोह में जहां प्रदेश के सभी जिलों से चयनित महिलाओं और महिला समूह को सम्मानित किया जाएगा वहीं सीएम सुखविंदर सुक्खू नाहन में लगभग 250 करोड़ के विकास कार्यों के उदघाटन तथा शिलान्यास भी करेंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को विधायक नाहन अजय सोलंकी ने नाहन में केंट स्कूल में 44 लाख से निर्मित भवन के कमरों के लोकार्पण अवसर पर दी। इससे पूर्व उन्होंने ग्राम पंचायत नाहन के तहत कोटड़ी गांव के लिये बनी सड़क पर बस पासिंग कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की।
विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि प्रदेश सहित सिरमौर जिला में भी विकास कार्य तेजी से चले हुए हैं और खासकर नाहन विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आशीर्वाद रहा है और पिछले 3 वर्षों में पर्याप्त बजट विकास कार्यों के लिया आया है। क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से चले हुए हैं। और 8 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू लगभग 250 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। उन्होंने लोगों से भी अनुरोध किया है कि 8 मार्च को सभी ऐतिहासिक चौगान में पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

