home page

मुख्यमंत्री सुक्खू ने शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस और मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर किया नमन

 | 
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस और मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर किया नमन


शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेकर देश के स्वाभिमान की रक्षा करने वाले शहीद उधम सिंह का अद्वितीय साहस, मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम, त्याग और बलिदान की भावना सदैव राष्ट्रवासियों को देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन राष्ट्र के सम्मान और स्वतंत्रता के लिए समर्पित था तथा उनका बलिदान देश के इतिहास में सदैव अमर रहेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हिंदी साहित्य के उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि मुंशी प्रेमचंद ने अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से समाज के साधारण जीवन को असाधारण अभिव्यक्ति दी। उन्होंने गाँव, गरीब और आमजन के जीवन, उनकी भावनाओं तथा संघर्षों को जिस संवेदनशीलता और आत्मीयता से शब्दों में पिरोया, वह आज भी पाठकों के मन को गहराई से स्पर्श करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और यथार्थ का सशक्त दस्तावेज है, जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला