home page

(संशोधित) सोनिया गांधी की पुस्तक उनके राजनीतिक सफर और स्मृतियों का दस्तावेज : मुख्यमंत्री सुक्खू

 | 
(संशोधित) सोनिया गांधी की पुस्तक उनके राजनीतिक सफर और स्मृतियों का दस्तावेज : मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलोंगिंग ए जर्नी ऑफ लव' को उनके राजनीतिक जीवन के अनुभवों और स्मृतियों का दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस पुस्तक में अपने अनुभवों को ईमानदारी के साथ सामने रखा है। पुस्तक को बड़ी संख्या में लोग खरीद रहे हैं और इसका विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली में होना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी ने देश की राजनीति को करीब से देखा और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के परिवार का देश की एकता और अखंडता से गहरा संबंध रहा है। उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया था। उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी देश के लिए अपना जीवन न्योछावर किया। सुक्खू ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने कई राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया और आज पार्टी देश में मुख्य विपक्षी दल के रूप में खड़ी है।

होटल पीटरहॉफ बेचने का कोई इरादा नहीं, 100 कमरों का नया भवन बनेगा

मुख्यमंत्री ने पर्यटन निगम के होटल पीटरहॉफ को बेचने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार का ऐसा कोई इरादा नहीं है। सरकार पीटरहॉफ को पहले से बड़ा और बेहतर बनाने की योजना पर विचार कर रही है। नए भवन में कम से कम 100 कमरे बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार न तो भाजपा की तरह सरकारी संपत्तियां बेचेगी और न ही किसी को इन्हें लूटने देगी।

शीतकालीन सत्र में वॉकआउट छोड़ चर्चा करे विपक्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा का इस बार सबसे लंबा शीतकालीन सत्र रखा गया है। सरकार चाहती है कि विपक्ष सदन में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे और बार-बार वॉकआउट न करे। उन्होंने कहा कि सत्र जल्दी आयोजित करने का एक उद्देश्य पर्यटन कारोबार को प्रभावित होने से बचाना भी है। पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और सरकार चाहती है कि विधानसभा की कार्यवाही के कारण पर्यटन गतिविधियों पर कम से कम असर पड़े।

दंत चिकित्सकों की समस्याएं सुनीं

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में दंत चिकित्सकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सकों की मांगों और समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा