home page

मुख्यमंत्री ने रोबोटिक सर्जरी को सप्ताह के सातों दिन संचालित करने के दिए निर्देश

 | 

शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आज यहां रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश में मात्र 15 महीनों के अल्प समय में 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी करने की उपलब्धि हासिल करने पर चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोबोटिक तकनीक की सहायता से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के चार चिकित्सा महाविद्यालयों में यह अत्याधुनिक सर्जरी सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक तथा इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में मरीजों को रोबोटिक सर्जरी की सुविधा प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से मरीजों के अस्पताल में रहने की अवधि ओपन सर्जरी की तुलना में 50 से 75 प्रतिशत तक कम हो रही है। इस तकनीक में शल्य चीरा बहुत छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है, जिससे मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश के मरीजों को उन्नत सर्जरी उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश सरकार इस सुविधा का विस्तार राज्य के अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को अपने घरों के नजदीक ही आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि अब तक 41 सर्जन और 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षित केयर टीम में नर्सें, ऑपरेशन थिएटर सहायक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी मांगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला